अपर बद्रीश कॉलोनी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
अपर बद्रीश कॉलोनी जनकल्याण समिति द्वारा पंचायती शिव मंदिर परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। समिति के संरक्षक वीरेंद्र नेगी के सान्निध्य में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
समारोह में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समिति द्वारा बच्चों को कॉपी एवं पेन भेंट कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी की मातृशक्ति ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की तथा देश के वीर जवानों की स्मृति में भावपूर्ण देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
समिति के अध्यक्ष राजेश पैन्यूली जी ने कॉलोनी में निवास करने वाले पूर्व सैनिकों को देश सेवा में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया।
उपाध्यक्ष विक्रम नेगी ने कॉलोनी के समग्र विकास के लिए प्रस्तावित कार्यों का रोडमैप प्रस्तुत किया। सचिव राजेश रावत ने कॉलोनी के विकास से संबंधित अपने विचार रखते हुए सभी कॉलोनीवासियों से विकास कार्यों में एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया।
कोषाध्यक्ष नंदन सिंह पंवार ने भविष्य में होने वाले विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि एवं फंड की व्यवस्था के संबंध में अपने विचार रखे।
सह-सचिव रंजीत चौहान एवं संजय उनियाल ने कॉलोनी के प्रमुख स्थानों पर लगाए जाने वाले स्वागत एवं सूचना बोर्डों के संबंध में प्रस्ताव रखा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दिलीप सिंह बिष्ट, नारायण सिंह भण्डारी , धर्म सिंह बिष्ट , महावीर सिंह राणा , आनंद सिंह बिष्ट एवं कुलदीप रावत उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त समिति के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, मातृशक्ति, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों एवं सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
