मानस दशांश हवन पद्धति’ का विमोचन, अब आम लोग भी आसानी से कर सकेंगे मानस हवन
उत्तरकाशी के ग्राम गौरशाली निवासी पंडित महेश उनियाल द्वारा मानस संकलन कर “मानस दशांश हवन पद्धति” का संकलन और प्रकाशन किया गया है। इस धार्मिक संकलन के प्रकाशन के बाद अब सामान्य जन भी सरल और सुलभ तरीके से मानस हवन कर सकेंगे।

इस अवसर पर हनुमान मंदिर में विधिवत कार्यक्रम का आयोजन कर पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ जिलाध्यक्ष रमेश चौहान, पूर्व उपाध्यक्ष चार धाम विकास परिषद सूरत राम नौटियाल, केदार मंदिर के स्वामी राघवेंद्र , प्रकाश चंद्र नौटियाल शास्त्री, सुभाष चंद्र, ग्राम प्रधान उपेंद्र, क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवम, कुलानंद, आसाराम, रमेश चंद्र, माधव प्रसाद, सतीश सेमवाल, राकेश उनियाल, डॉ. धनेश, डॉ. बद्री प्रसाद, भगवान सिंह, रावल तीर्थ पुरोहित प्रेम बल्लभ सेमवाल, दीपक सेमवाल, नीरज, वीरेंद्र नौटियाल सहित क्षेत्र के दर्जनों लोग और विभिन्न पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि “मानस दशांश हवन पद्धति” का संकलन धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इससे लोगों को मानस हवन की विधि को सरल रूप में समझने में मदद मिलेगी। इस मौके पर सभी ने नागदेवता से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सभी पर उनकी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

महेश उनियाल के बारे में संक्षिप्त परिचय
महेश उनियाल हिंदी साहित्य से जुड़े एक सक्रिय साहित्यकार और कवि हैं। इन्होंने एम.ए., साहित्याचार्य और बी.एड. की शिक्षा प्राप्त की है तथा हिंदी विषय से गहरा लगाव रखते हैं। काव्य क्षेत्र में इनकी विशेष रुचि है और समय-समय पर समसामयिक विषयों पर कविता और लेख लिखते रहे हैं।
महेश उनियाल विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर लेखन के साथ-साथ साहित्यिक संकलनों का भी कार्य करते हैं। उनकी रचनाओं में समाज, संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और वर्तमान समय की परिस्थितियों का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
