उत्तराखंड

चारों धाम की कपाट बंद होने की तिथि का ऐलान, जानें कब

गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को, यमुनोत्री और केदारनाथ के कपाट 11 नवंबर को और बदरीनाथ के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे।

विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार 16 नवंबर को रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में बंद होंगे तथा गुरूवार 12 नवंबर से पंच पूजायें शुरू हो जायेंगी तथा श्री उद्धव जी श्री कुबेर जी तथा आदिगुरु शंकराचार्य जी की गद्दी कपाट बंद होने के बाद 17 नवंबर मंगलवार पूर्वाह्न को धाम से अपने शीतकालीन प्रवासों को प्रस्थान करेगी

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद दोपहर 12:05 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा गांव के लिए रवाना होगी। डोली चंडी मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी और अगले दिन, 11 नवंबर को भैयादूज के अवसर पर मुखबा पहुंचेगी। इसके बाद शीतकाल में श्रद्धालु मुखबा स्थित मां गंगा के मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर 2026 को भैयादूज के पावन पर्व पर सुबह 10:28 बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। विजयदशमी के अवसर पर यमुनोत्री मंदिर समिति ने वैदिक पंचांग के अनुसार कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त तय किया। शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कपाट बंद होंगे।

इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली के लिए रवाना होगी। सर्दियों में श्रद्धालु खरसाली स्थित मां यमुना के मंदिर में दर्शन कर सकेंगे। कपाट बंद होने के साथ ही यमुनोत्री धाम की इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली पारंपरिक मार्ग से फाटा और गुप्तकाशी होते हुए शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। डोली प्रभारी डीएस भुजवाण ने इसकी जानकारी दी। कपाट बंद होने के बाद शीतकाल में बाबा केदार की पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में होगी। सर्दियों के दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित इस मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *