आर्ट ऑफ लिविंग ने उत्तरकाशी के प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी प्रताप सिंह पोखरियाल को किया “Unsung Everyday Heroes Award” से सम्मानित
देहरादून। श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के माध्यम से उत्तरकाशी के प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी प्रताप सिंह पोखरियाल को “Unsung Everyday Heroes Award” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें पिछले 41 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके निरंतर और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। वृक्षारोपण, हरित जागरूकता और प्रकृति संरक्षण के लिए उनके समर्पण ने उन्हें “वृक्ष मुनि” के रूप में एक अलग पहचान दिलाई है।
गौरतलब है कि प्रताप सिंह पोखरियाल को वर्ष 2025 में श्री सुंदरलाल बहुगुणा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर कई संस्थाओं एवं गैर-सरकारी संगठनों द्वारा भी पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए हैं।
उत्तरकाशी जनपद के लिए गर्व का विषय बने इस उपलब्धि पर श्याम स्मृति वन एवं पर्यावरण समिति के आयोजक/संरक्षक सुभाष चंद्र नौटियाल ने जानकारी देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रताप सिंह पोखरियाल को उनके इस अभूतपूर्व कार्य के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस सम्मान से न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी प्रकृति की रक्षा के लिए प्रेरणा मिलेगी।
