राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना एवं अन्य योजनाओं के शुभारंभ पर कृषि विज्ञान केंद्र, हरदोई–II, में लाइव प्रसारण कार्यक्रम आयोजित

केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, हरदोई–द्वितीय में आज प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना (PMDDKY), पल्सेज मिशन एवं अन्य कृषि एवं संबद्ध योजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि योजनाओं और तकनीकी नवाचारों से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में सशक्त बनाना था। माननीय प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी द्वारा नई दिल्ली स्थित एन.ए.एस.सी. कॉम्प्लेक्स से योजनाओं का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया गया, जिसका सीधा प्रसारण केवीके परिसर में किया गया। इस अवसर पर जिले भर के कृषक भाई–बहनों, महिला किसानों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, कृषि वैज्ञानिकों तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में 350 से अधिक कृषक एवं महिला कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन और योजनाओं के राष्ट्रीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण था। सभी उपस्थित कृषक और अतिथियों ने लाइव प्रसारण देखा और योजनाओं के विभिन्न पहलुओं को समझा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में  अशोक कुमार रावत , सांसद (मिश्रिख लोक सभा संसदीय क्षेत्र) उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना जैसी पहल किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे तकनीकी खेती, फसल विविधिकरण और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं ।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में  अशोक अग्रवाल , एम.एल.सी. एवं सभापति, उत्तर प्रदेश विधान परिषद ने किसानों का उत्साहवर्धन किया और प्रधानमंत्री की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। राजा  कुंवर वीरेंद्र सिंह,  अमित गुप्ता , ब्लॉक प्रमुख संडीला,   धीरज सिंह चौहान, प्रबंधक पी.जी. कॉलेज सरवा, मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह चौहान,  नरेन्द्र बाजपाई,  मोनू सिंह,  हार्दिक मिश्रा उपस्थित रहे । सभी अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर किसानों का उत्साहवर्धन किया और प्रधानमंत्री की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे योजनाओं से जुड़कर कृषि को लाभकारी बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना किसानों की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेगी और जिले में कृषि उत्पादन, आय और रोजगार में वृद्धि लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
डॉ. पंकज नौटियाल, अध्यक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र ने स्वागत उद्बोधन में प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना के उद्देश्य, उसके क्रियान्वयन की रूपरेखा तथा किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ राजेन्द्र कुमार यादव जी के निर्देशन में कृषि विज्ञान केंद्र जिले किसानों की आय वृद्धि में उलेखनीय कार्य कर रहा है । इसके बाद प्रगतिशील किसानों एवं वैज्ञानिकों की उपस्थिति में रबी फसलों की उन्नत कृषि तकनीकों पर तकनीकी सत्र आयोजित किया गया। इसमें किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने, पोषक तत्व प्रबंधन, जल संरक्षण तकनीकों एवं मृदा स्वास्थ्य सुधार पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसके उपरांत अतिथि स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया ।
इसके बाद इनपुट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें चयनित किसानों को बीज एवं अन्य कृषि सामग्रियाँ वितरित की गईं। साथ ही, प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों एवं व्यवहारिक प्रदर्शन पर एक विशेष सत्र आयोजित हुआ जिसमें किसानों को जैविक खाद, कीट प्रबंधन तथा प्राकृतिक खेती की लागत घटाने की तकनीकों के बारे में बताया गया। दोपहर में लंच ब्रेक के उपरांत तिलहनी फसलों की उन्नत तकनीकों एवं उनके वैज्ञानिक प्रबंधन पर एक विस्तृत सत्र हुआ। इसमें किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए नई तकनीकों और सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अगले चरण में किसानों को राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली (NPSS), किसान शिकायत निवारण पोर्टल, जीएसटी में रियायतों तथा कृषि से संबंधित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों को इन योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया और इसके लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके बाद चाय अवकाश के उपरांत उपस्थित किसानों एवं अतिथियों ने केवीके की प्रदर्शन इकाइयों एवं मॉडल प्राकृतिक खेती फार्म का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल प्रदर्शन, मृदा एवं जल संरक्षण तकनीक तथा आधुनिक उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ अंजली साहू (गृह विज्ञान कृषि विज्ञान केंद्र हरदोई–द्वितीय ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मोहित सिंह, (कृषि प्रसार) द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। इस अवसर पर केवीके के सभी वैज्ञानिकों डॉ. त्रलोकी सिंह, डॉ. त्रिलोक नाथ राय, सुश्री थांगा अनूस्या तथा अन्य स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में महिला किसान समूह की अध्यक्षा श्रीमती रेखा दीक्षित ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया, राज्य कृषि विभाग की ओर से भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. निधि राठौर, प्रमोद सिंह,  चंद्रेश मौर्या, एक्सेस के  अमित सिंह, सहित अन्य अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। यह कार्यक्रम किसानों की सक्रिय सहभागिता, जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति और विभागीय सहयोग से अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *