Wednesday, June 3, 2026
Latest:
उत्तराखंड

विज्ञान को सरल भाषा में समाज तक पहुंचाने का प्रयास : डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल की में तीन पुस्तकों का विमोचन

SCERT उत्तराखंड, देहरादून में पीएम श्री कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज धौंतरी, उत्तरकाशी में कार्यरत विज्ञान शिक्षक एवं विज्ञान संप्रेषक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल की विज्ञान मंडल द्वारा प्रकाशित तीन पुस्तकों आधुनिक विज्ञान व हमारी गौरवशाली परंपरा, प्रकृति विज्ञान व भविष्य एवं धरती विज्ञान व भविष्य का विमोचन वंदना गर्ब्याल, निदेशक एससीईआरटी एवं सीमैट उत्तराखंड द्वारा किया गया।

पुस्तकों में विज्ञान, पर्यावरण, भारतीय ज्ञान परंपरा, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता तथा भविष्य की वैज्ञानिक चुनौतियों को सरल एवं व्यवहारिक भाषा में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही आधुनिक विज्ञान को भारतीय संस्कृति और प्रकृति से जोड़ते हुए विद्यार्थियों एवं आमजन में वैज्ञानिक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर इंस्पायर अवार्ड के राज्य समन्वयक अवनीश उनियाल, शिक्षक राजेश जोशी, गम्भीर राणा एवं सुरेश शाह सहित अनेक नवाचारी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की पुस्तकें विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ समाज में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान शिक्षा को अधिक रोचक, सरल और समाजोपयोगी बनाने पर भी चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *