Monday, November 2, 2026
Latest:
उत्तराखंड

केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन के कारण फंसे आठ ट्रेकर्स, दो बार हवाई रेकी की गई, अब तक सुराग नहीं

गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में स्थित केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन के कारण फंसे आठ ट्रेकर्स के रेस्क्यू की कवायद शुरू हो गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि केदारताल ट्रेक पर जगह-जगह हिमस्खलन के चलते हेली रेस्क्यू ही किया जायेगा।

इस कारण बीते शनिवार को मौसम प्रतिकूल होने पर गंगोत्री वापस लौटी एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र की टीमोंं को पैदल रेस्क्यू के लिए ट्रेक पर नहीं भेजा गया है। बताया कि देहरादून से हेलीकाप्टर के रेस्क्यू के लिए जल्द उड़ान भरने की सूचना है।

बता दें कि बीते मंगलवार को उत्तरप्रदेश व पश्चिमबंगाल के ट्रेकर्स का 13 सदस्यीय दल गंगोत्री धाम से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था, एक कुक बीच में गंगोत्री वापस लौट आया था। अन्य की वापसी गुरुवार को होनी थी, लेकिन बाद में सूचना मिली की यह दल हिमस्खलन के चलते भोजखड़क के पास फंस गया है।

पहले ट्रेकिंग एजेंसी ने दल की खोज खबर को टीम भेजी, जिसमें दल के चार सदस्य सुरक्षित मिल गये थे, जो कि शनिवार गंगोत्री वापस लौट आये। वहीं, फंसे हुए आठ ट्रेकर्स के लिए हेली रेस्क्यू ने रैकी की, जिसमें उनके सुरक्षित स्थान पर होने की बात कही गई, हालांकि उनमें से एक के सिर पर चोट लगने की सूचना है। गढ़वाल हिमालय माउंटेनियरिंग एंड ट्रेकिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेन्द्र राणा ने भी अप्रिय घटना से बचाव को जल्द रेस्क्यू आपरेशन शुरू करने की मांग की है।

केदारताल क्षेत्र में लापता 7 ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश में SDRF का सर्च अभियान जारी है। रविवार को हेलीकॉप्टर के माध्यम से क्षेत्र की दो बार हवाई रेकी की गई, लेकिन लापता लोगों या उनके टेंट का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला। अत्यधिक बर्फबारी और विषम परिस्थितियों के चलते सर्च अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। SDRF की एक अतिरिक्त माउंटेनियरिंग टीम आवश्यक उपकरणों के साथ रवाना की गई है। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होने पर अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *