चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: घटनास्थल पर पहुंची टीमें, मृतकों के लिस्ट आई सामने
बदरीनाथ से तीर्थयात्रियों को लेकर देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर हाथी पहाड़ के शीर्ष पर चांई गांव और लामबगड़ के बीच चट्टान से टकराकर खाई में जा गिरा। हादसे के बाद हेलिकॉप्टर में आग लग गई जिसमें पायलट समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सेना, आईटीबीपी और एसडीआरएफ की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। देर रात तक शवों को सड़क तक लाने का कार्य जारी था। यूकाडा के हेलिकॉप्टरों की हवाई सेवा भी रोकी गई। हादसा दिन में दो बजे हुआ और शाम करीब साढ़े चार बजे सेना की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। हेलिकॉप्टर पूरी तरह जल गया है। मृतकों में दिल्ली निवासी पायलट हिमांशु सभरवाल (48) और कर्नाटक निवासी प्रताप (41), अरुण सालुंके (44), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51) शामिल हैं।

