MDDA में मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता- 2026 के विजेताओं को सम्मानित किया
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण यानी एमडीडीए ने अपनी पहचान को जनभागीदारी और रचनात्मकता से जोड़ने की पहल की है। इसी क्रम में आयोजित मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता- 2026 के विजेताओं को बुधवार को प्राधिकरण कार्यालय में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विजेताओं को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। प्रतियोगिता का उद्देश्य आमजन की रचनात्मक सोच के जरिए प्राधिकरण की पहचान को नया स्वरूप देना था।
एमडीडीए की ओर से 3 अगस्त से 16 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में लोगों को अपनी कल्पना और रचनात्मकता के जरिए प्राधिकरण की पहचान गढ़ने का अवसर दिया गया। मैस्कॉट और स्लोगन के माध्यम से एमडीडीए के विजन, मूल्यों और जनसरोकारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की पहल की गई। प्रतियोगिता में सामने आई प्रविष्टियों में प्रतिभागियों की रचनात्मक सोच देखने को मिली।मैस्कॉट डिज़ाइन प्रतियोगिता में स्नेहा भण्डारी ने पहला स्थान हासिल किया। उन्हें 50 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अनुराग रमोला दूसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 30 हजार रुपये, जबकि अंकिता बिष्ट को तीसरे स्थान के लिए 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं, स्लोगन प्रतियोगिता में अंकित सिंह रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 10 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र दिया, इस मौके पर एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सामने आई रचनात्मकता प्राधिकरण के प्रति लोगों के जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ जनभागीदारी और नवाचार को बढ़ावा देना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार सहित अधिकारी, कर्मचारी और प्रतिभागी मौजूद रहे।
