उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट जारी, 12वीं में गीतिका और सुशीला संयुक्त टॉपर, 10 वीं में अक्षत टॉपर
Uttarakhand Board 10th and 12th Result: उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) ने 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को दोनों कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित किए। 10वीं में रामनगर के एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोयल 500 में से 491 अंक हासिल कर स्टेट टॉपर बने हैं। जबकि 12वीं में दो स्टूडेंट्स- बागेश्वर की गीतिका पंत और ऊधमसिंह नगर के सुशीला मेहंदीरत्ता ने संयुक्त रूप परीक्षा को टॉप किया है और दोनों ने 490-490 अंक प्राप्त किए हैं। दोनों कक्षा के छात्र-छात्राएं
उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) की आधिकारिक वेबसाइट ubse.uk.gov.in पर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। इस साल दसवीं का पास प्रतिशत 92.10 रहा है जबकि बारहवीं कक्षा का पास प्रतिशत 85.11 रहा है।
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस वर्ष इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। गीतिका पंत (सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर) और सुशीला मेंदीरत्ता (भंगाराम अमर इंटर कॉलेज, भुरापानी, ऊधमसिंह नगर) ने 98.0 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट ubse.uk.gov.in पर जाकर विजिट करें। इंटरमीडिएट में द्वितीय स्थान पर आर्यन (सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश, देहरादून) रहे, जिन्होंने 97.80% अंक प्राप्त किए। तृतीय स्थान वंशिका (सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार) को 97.00% अंकों के साथ मिला। जनपद स्तर पर इंटरमीडिएट में बागेश्वर 94.81% परीक्षाफल के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।
वहीं हाईस्कूल (कक्षा 10) परीक्षा में अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। रामनगर स्थित एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से इशांत कोठारी (एसवीएम इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी) और भूमिका (जीबी पंत जीआईसी, खैरना, नैनीताल) रहे, जिन्होंने 98% अंक प्राप्त किए। तृतीय स्थान योगेश जोशी (विवेकानंद वीएम इंटर कॉलेज, मंडलसेरा, बागेश्वर) को 97.80% अंकों के साथ मिला। बालिकाओं में भूमिका (जीबी पंत जीआईसी, खैरना, नैनीताल) ने 98% अंकों के साथ सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। जनपद स्तर पर हाईस्कूल में बागेश्वर 96.98% परीक्षाफल के साथ प्रदेश में अव्वल रहा।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में धन सिंह रावत की उपस्थिति में बोर्ड परिणाम घोषित किए गए। इस दौरान बोर्ड के सभापति एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती ने औपचारिक रूप से परिणाम जारी किए।
उत्तराखंड बोर्ड की 2026 की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 21 फरवरी से 20 मार्च तक संपन्न हुई थी। कुल 2,15,252 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें हाईस्कूल में 1,12,266 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल हुईं।
प्रदेश भर में परीक्षा के लिए 1,261 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 50 एकल केंद्र और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। वहीं 156 केंद्र संवेदनशील और 6 अति संवेदनशील केंद्र बनाए गए थे।
उत्तराखंड बोर्ड ने जारी किए तीन हेल्पलाइन नंबर
परीक्षार्थियों की मदद के लिए उत्तराखंड बोर्ड ने तीन अधिकारियों के नंबर जारी किए हैं, जिसमें बोर्ड के संयुक्त सचिव सीपी रतूड़ी का मोबाइल नंबर 6396178537, शोध अधिकारी शैलेंद्र जोशी का मोबाइल नंबर 7055513072 और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजीव रावत का मोबाइल नंबर 7830403040 शामिल हैं। बोर्ड रिजल्ट देखने में आ रही दिक्कत, स्कूटनी भरने व सुधार परीक्षा के संबंध में जानकारी के लिए परीक्षार्थी इन हेल्पलाइन नंबर पर काल कर सकते हैं।
