विजिलेंस टीम ने तहसील गरुड़ में पटवारी को ₹5000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया
बागेश्वर जिले की तहसील गरुड़ में तैनात पटवारी प्रवीण टाकुली को विजिलेंस टीम ने ₹5000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने ट्रैप कार्रवाई की, जिसमें पटवारी को नकदी लेते ही गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भूमि तस्दीक और बैनामा कार्य के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में डंगोली क्षेत्र के एक राजस्व उपनिरीक्षक को सतर्कता टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से 5,000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की।
मिली जानकारी के अनुसार, मनोज सिंह, निवासी ग्राम स्याली, पोस्ट डंगोली, ने सतर्कता विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजस्व उपनिरीक्षक प्रवीन सिंह टाकुली भूमि संबंधी कार्य निपटाने के लिए अवैध रूप से धनराशि मांग रहे हैं। शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने सत्यापन कर ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
आरोपी प्रवीन सिंह टाकुली, निवासी ग्राम सूपी (कपकोट), वर्तमान में ग्राम मण्डलसेरा निवासी और तैनाती राजस्व उपनिरीक्षक डंगोली (तहसील गरुड़) हैं। शिकायतकर्ता से तय राशि 5,000 रुपये लेते ही टीम ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता विभाग ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
