उत्तराखंड में साल की पहली बर्फबारी, अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में साल की पहली बर्फबारी जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग,उत्तरकाशी, बडकोट, पुरोला, चकराता, सोनप्रयाग, कर्णप्रयाग, बद्रीनाथ, जोशीमठ, थराली, कपकोट, बेरीनाग तथा इनके आस पास के क्षत्रो मे भारी बारिश/बर्फबारी/बर्फ़ीला तूफान (2300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर) आने की प्रबल संभावना जताई गई है। पिथौरागढ़ और टिहरी में भारी बारिश और बर्फबारी के ऑरेंज को देखते हुए जिलाधिकारी ने 24 जनवरी को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए है। सुबह के शुरुआती घंटों में मसूरी, उत्तरकाशी, चकराता समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली। हल्की बारिश के बाद जैसे ही तापमान गिरा, मसूरी की पहाड़ियां, सड़कें और देवदार के पेड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए। चकराता में पर्यटक और स्थानीय लोग झूमते नाचते नजर आए। प्रदेशभर के मौसम की बात करें तो उत्तरकाशी, टिहरी, देहरादून, चमोली, अल्मोड़ा समेत कई पहाड़ी जिलों में बर्फबारी जारी है। नई टिहरी सहित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धनोल्टी, सुरकंडा देवी, काणाताल, ठांगधार, नागटिब्बा, प्रतापनगर, सेम-मुखेम,सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर जमकर बर्फबारी हुई। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। बर्फबारी से किसानों और प्रकृति प्रेमियों ने राहत की सांस ली। नई टिहरी में करीब तीन साल बाद इस तरह की बर्फबारी हुई है।
