उत्तराखंड

देहरादून में तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी के मालिक की गोली मारकर हत्या

कोतवाली डालनवाला से मिली जानकारी के अनुसार आज दिनांक – 11/02/2026 को समय करीब 10:30 बजे कोतवाली डालनवाला को सूचना प्राप्त हुई कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मार दी है। उक्त सूचना पर कोतवाली डालनवाला से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा तथा घायल व्यक्ति को उपचार हेतु दून अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरो द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। मृतक व्यक्ति की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है, मृतक अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।

घटना की सूचना पर उच्चाधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गयी। घटना की प्रारंभिक जांच में मृतक के बारे मे जानकारी की गई तो मृतक का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर पारिवारिक विवाद होना तथा उक्त विवाद के चलते उनकी माता जी द्वारा मा० उच्च न्यायालय से अपने बेटे(मृतक) से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा प्राप्त किया जाना प्रकाश में आया है।

स्कूटी सवार 02 व्यक्तियों द्वारा घटना को अंजाम दिया जाना प्रकाश में आया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, साथ ही संपूर्ण जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घटना के अनावरण हेतु सभी तथ्यों पर पुलिस द्वारा गहन जांच की रही है।

पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्रान्तर्गत हुई गोलीकाण्ड की घटना को लेकर घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल की परिस्थितियों, उपलब्ध भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों और अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की गहन समीक्षा की।

पुलिस महानिरीक्षक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को निर्देश दिए कि घटना में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र पहचान कर विशेष टीमों का गठन किया जाए। अपराधियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए। परिक्षेत्रीय कार्यालय में जिले के समस्त क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ गोष्ठी में आईजी ने हाल के दिनों में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *