Saturday, March 14, 2026
Latest:
उत्तराखंड

CM धामी ने राज्य आपदा परिचालन केंद्र में औचक पहुंचकर राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही बारिश की जानकारी ली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज आईटी पार्क स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र में औचक पहुंचकर राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही बारिश की जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारियों से बारिश की स्थिति, सड़कों, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य जानकारियां प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिवृष्टि और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए। अतिवृष्टि के दृष्टिगत श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के लिए सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था एवं भोजन और बच्चों के लिए दूध की पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बंद पड़े संपर्क मार्गों को खोलने के प्रयास किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को निर्देश दिए कि हर जिले में भारी बारिश की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें। जिलों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई की जाये। साथ ही रिस्पांस टाइम कम से कम रखने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *