उत्तराखंड

बद्रीनाथ धाम के कपाट हुए बंद, 23.50 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बद्रीनाथ धाम
जय बदरी विशाल के जयकारों के बीच श्री बदरीनाथ धाम के श्री कपाट हुए शीतकाल की देव पूजा हेतु मंगलम,23.50 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

रात 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद हुए मंदिर के कपाट, पुष्प श्रृंगार में सजे भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर भावविभोर हुए श्रद्धालु

बदरीनाथ। आस्था, भक्ति और उल्लास के बीच सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ कपाट बंद होने के इस पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। मंदिर परिसर भगवान बदरीविशाल के जयकारों से गूंज उठा। इसी के साथ वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का भी समापन हो गया।

कपाट बंद होने के अंतिम दिन भगवान बदरीविशाल का भव्य पुष्प श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने अखंड ज्योति के दर्शन कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की। दिनभर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होते रहे।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत परंपरानुसार माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान कराया गया, जबकि भगवान उद्धव और कुबेर जी को गर्भगृह से बाहर लाया गया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कर रात 9:37 बजे मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए गए।

23.50 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इस यात्रा वर्ष में करीब 23.50 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। छह माह तक चलने वाली यात्रा में देश-विदेश से श्रद्धालु धाम पहुंचे और भगवान के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।

शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी उत्सव डोली

मंगलवार को भगवान बदरीविशाल की उत्सव डोली के साथ भगवान उद्धव और कुबेर जी की डोलियां तथा आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी परंपरागत धार्मिक यात्रा के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी। शीतकाल में पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर और ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना संपन्न होगी। हिमालय की गोद में स्थित बदरीनाथ धाम अब अगले यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए खुलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *